मुंबई। पवई स्थित आर ए स्टूडियो में 17 बच्चों को बंधक बनाने वाला रोहित आर्या पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। पुलिस की कार्रवाई के दौरान हुई फायरिंग में उसे गोली लगी थी। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की पूरी जांच की जा रही है और ऑपरेशन से जुड़ी विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रोहित आर्या ने बच्चों को ऑडिशन के नाम पर स्टूडियो में बुलाया था और बाद में उन्हें बंधक बना लिया। कुल 19 लोगों में से 17 बच्चे, एक बुजुर्ग और एक अन्य व्यक्ति शामिल थे।
घटना की जानकारी मिलते ही मुंबई पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर बचाव अभियान शुरू किया। लंबी बातचीत और कोशिशों के बाद पुलिस ने सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पुलिस ने बताया कि कार्रवाई के दौरान रोहित आर्या ने एयरगन और कुछ संदिग्ध रासायनिक पदार्थों का इस्तेमाल करने की कोशिश की। उसने पुलिस पर फायरिंग भी की, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की। इसी दौरान रोहित को गोली लगी और बाद में उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने घटनास्थल से एयरगन, रासायनिक पदार्थों के सैंपल और कुछ इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं। मामले की जांच जारी है ताकि घटना के पीछे की मंशा और संभावित सहयोगियों का पता लगाया जा सके।