RGPV पेपर लीक कांड: परीक्षा से पहले मोबाइल पर पहुंचा फार्मेसी का प्रश्नपत्र, सौदेबाजी का वीडियो वायरल

RGPV Paper Leak : भोपाल। मध्यप्रदेश के राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (RGPV) की परीक्षा प्रणाली एक बार फिर बड़े विवादों में घिर गई है। प्रदेश के सबसे बड़े तकनीकी विश्वविद्यालय में गोपनीयता की धज्जियां उड़ाते हुए डिप्लोमा फार्मेसी पूरक परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक हो गया। सोमवार को आयोजित इस परीक्षा से पहले ही ‘हॉस्पिटल एंड क्लिनिकल फार्मेसी’ (पेपर कोड: 8110) का पर्चा छात्रों के मोबाइल फोन तक पहुंच गया, जिसके बाद विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

मामले की गंभीरता तब और बढ़ गई जब ग्वालियर के आरएनएस कॉलेज के बाहर का एक सनसनीखेज वीडियो सामने आया। इस वीडियो में कुछ छात्र मोबाइल पर पेपर का मिलान करते दिख रहे हैं, जबकि एक युवक प्रश्नपत्र के बदले पैसों की मांग करता नजर आ रहा है। जब वायरल हुए इस डिजिटल पेपर की तुलना असली प्रश्नपत्र से की गई, तो दोनों पूरी तरह एक जैसे पाए गए। इस घटना ने उन 901 छात्रों की मेहनत पर पानी फेर दिया है जो ईमानदारी से परीक्षा देने पहुंचे थे।

इधर, पेपर लीक की खबर फैलते ही छात्रों और अभिभावकों में भारी आक्रोश व्याप्त है। एनएसयूआई (NSUI) ने इसे विश्वविद्यालय प्रशासन का खुला भ्रष्टाचार करार दिया है और दोषियों पर तत्काल कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। हंगामे को देखते हुए RGPV प्रशासन ने आनन-फानन में मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। अब देखना होगा कि बार-बार हो रही इन चूक पर सरकार क्या सख्त कदम उठाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *