कलेक्टर की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक सम्पन्न, शिक्षा गुणवत्ता सुधार पर जोर

  • विद्यालयों में विषय विशेषज्ञ अतिथि व्याख्याताओं की नियुक्ति सत्र प्रारंभ होने से पूर्व सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

अम्बिकापुर, 11 अप्रैल 2026/ कलेक्टर अजीत वसंत की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शिक्षा विभाग की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार अग्रवाल,जिला शिक्षा अधिकारी डॉ दिनेश कुमार झा, जिला मिशन समन्वयक, समस्त विकासखंड शिक्षा अधिकारी, सहायक अधिकारी एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

बैठक में कलेक्टर द्वारा अशासकीय विद्यालयों से प्राप्त शिकायतों पर गंभीरता से चर्चा करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी को आवश्यकतानुसार सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। शिक्षकों के संलग्नीकरण को समाप्त कर मूल पदस्थापना सुनिश्चित करने तथा एकल शिक्षक अथवा शिक्षक विहीन विद्यालयों की स्थिति न बनने देने के निर्देश भी दिए गए।

कलेक्टर वसंत ने हाई एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों में विषय विशेषज्ञों की कमी को दूर करने हेतु अतिथि व्याख्याताओं के रिक्त पदों की सूची एक सप्ताह के भीतर प्रस्तुत करने एवं सत्र प्रारंभ होने से पहले अतिथि व्याख्याताओ की नियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि पढ़ाई प्रभावित न हो। साथ ही, अधूरे निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में NEET/JEE कोचिंग के संबंध में भी विस्तार से चर्चा की गई। 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की सूची तैयार कर मेरिट के आधार पर चयनित छात्रों को कोचिंग हेतु भेजने तथा प्रत्येक विकासखंड में कोचिंग सेंटर स्थापित करने के निर्देश दिए गए।

लंबे समय से अनुपस्थित शिक्षकों एवं कर्मचारियों पर कार्रवाई करते हुए आवश्यकतानुसार बर्खास्तगी की प्रक्रिया अपनाने के निर्देश दिए गए। विद्यालयों में “न्यूज डेस्क” की स्थापना कर विद्यार्थियों में पठन-पाठन, सामान्य ज्ञान एवं विश्लेषणात्मक क्षमता के विकास पर बल दिया गया।

बैठक में एलपीजी के उपयोग को बढ़ावा देने, बोर्ड परीक्षा मूल्यांकन कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने तथा अनुकंपा नियुक्ति एवं पेंशन प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
साथ ही शिक्षकों का 16 जून तक शत-प्रतिशत पंजीयन कराने पर जोर दिया गया।

इसके अतिरिक्त स्कूलों में पेयजल व्यवस्था के अंतर्गत चयनित विद्यालयों में बोरवेल स्थापना, अपार आईडी एवं जाति प्रमाण पत्र निर्माण की प्रक्रिया को प्रगति लाने के निर्देश दिए तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों एवं पीएमश्री विद्यालयों से संबंधित कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *