रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) ने राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2025 का परिणाम जारी कर दिया है। इस परीक्षा के आधार पर मुख्य परीक्षा के लिए कुल 3921 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। आयोग द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, मुख्य परीक्षा का आयोजन आगामी 16 से 19 मई तक किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ राज्य सेवा की प्रारंभिक परीक्षा 22 फरवरी 2026 को आयोजित की गई थी। इस पूरी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से विभिन्न 20 सेवाओं के कुल 265 रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं। चयन प्रक्रिया के नियमों के तहत विज्ञापित पदों के 15 गुना के आधार पर कुल 3975 अभ्यर्थियों का चयन होना था, लेकिन वर्गवार और उपवर्गवार पात्र अभ्यर्थियों की उपलब्धता को देखते हुए कुल 3921 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए पात्र पाया गया है।
मुख्य परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए सफल अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य होगा। आवेदन प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश और समय-सारणी आयोग द्वारा पृथक से जारी की जाएगी। प्रारंभिक परीक्षा का विस्तृत परिणाम, अभ्यर्थियों के प्राप्तांक और कट-ऑफ लिस्ट आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.psc.cg.gov.in पर अपलोड कर दी गई है।