भिलाई फ्लाईओवर पर मरम्मत कार्य शुरू : 10 से 18 मार्च तक रूट डायवर्ट, घर से निकलने से पहले देखें वैकल्पिक मार्ग

भिलाई। शहर में फ्लाईओवर के मरम्मत एवं मेंटेनेंस कार्य के चलते 10 मार्च से 18 मार्च 2026 तक यातायात व्यवस्था में अस्थायी परिवर्तन किया गया है। इस अवधि में फ्लाईओवर पर सुधार कार्य किया जाना है, जिसके कारण यातायात को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा।


भारी और छोटे वाहनों के लिए नई व्यवस्था

मरम्मत कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए भारी वाहनों का आवागमन फ्लाईओवर के नीचे स्थित सर्विस लेन से कराया जाएगा। वहीं, छोटे वाहन चालकों को रायपुर आने-जाने के लिए प्रशासन ने अलग-अलग वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी है।

इन रास्तों का करें प्रयोग:

  • दुर्ग, सेक्टर और नेहरू नगर निवासी: रायपुर जाने के लिए उतई–फूंडा–पाटन मार्ग का प्रयोग करें।
  • पावर हाउस एवं भिलाई-3 निवासी: सिरसा गेट अंडर ब्रिज से मोतीपुर–अमलेश्वर मार्ग का उपयोग कर रायपुर जा सकते हैं।
  • चरोदा क्षेत्र के निवासी: रायपुर आने-जाने के लिए रॉयल खालसा से उरला–मोतीपुर मार्ग का विकल्प चुनें।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्माण कार्य को देखते हुए निर्धारित रूट चार्ट का पालन करें और यातायात पुलिस का सहयोग करें।

रिपोर्ट: रमेश गुप्ता (भिलाई)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *