राम नवमी की तारीख को लेकर संशय दूर: जानें 26 या 27 मार्च में से कब मनाना होगा त्योहार

रायपुर। भगवान श्री राम के जन्मोत्सव का पावन पर्व राम नवमी इस वर्ष दो दिन पड़ने के कारण लोगों में तारीख को लेकर दुविधा बनी हुई है। पंचांग के अनुसार, चैत्र शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि मध्याह्न काल में पड़ने के कारण इसका विशेष महत्व होता है। धार्मिक दृष्टिकोण और तिथियों की गणना के आधार पर राम नवमी मनाने की सही जानकारी इस प्रकार है।

शास्त्रों के अनुसार, राम नवमी का व्रत और पूजन उस दिन किया जाना श्रेष्ठ माना गया है, जिस दिन नवमी तिथि मध्याह्न यानी दोपहर के समय उपलब्ध हो। पंचांग की गणना के अनुसार, 26 मार्च 2026 को नवमी तिथि सुबह 11 बजकर 48 मिनट से शुरू हो रही है, जो मध्याह्न काल में व्याप्त रहेगी। अतः शास्त्र सम्मत पूजन के लिए 26 मार्च की तिथि सर्वश्रेष्ठ मानी जा रही है। 26 मार्च को राम नवमी पूजन का शुभ मुहूर्त सुबह 11 बजकर 13 मिनट से दोपहर 01 बजकर 41 मिनट तक रहेगा, जिसमें मध्याह्न क्षण दोपहर 12 बजकर 27 मिनट पर है।

वहीं, उदया तिथि को मानने वाले श्रद्धालु राम नवमी का पर्व 27 मार्च 2026 को मनाएंगे। इस दिन सूर्योदय के समय नवमी तिथि मौजूद रहेगी। जो लोग उदया तिथि के अनुसार पूजन करना चाहते हैं, उनके लिए भी पूजा का समय सुबह 11 बजकर 13 मिनट से दोपहर 01 बजकर 41 मिनट के बीच रहेगा। श्रद्धालु अपनी परंपरा और आस्था के अनुरूप 26 या 27 मार्च में से किसी भी दिन भगवान श्री राम का जन्मोत्सव मना सकते हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *