रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के 12वें दिन आज सदन की कार्यवाही काफी महत्वपूर्ण रहने वाली है। प्रश्नकाल के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित मंत्रिमंडल के कई सदस्य विधायकों के सवालों का जवाब देंगे। आज सदन में सबसे प्रमुख विषय धर्म स्वातंत्र्य संशोधन विधेयक का प्रस्तुतीकरण रहेगा, जिसे उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा पटल पर रखेंगे।
कार्यवाही के दौरान मुख्यमंत्री साय के साथ मंत्री टंकराम वर्मा और मंत्री केदार कश्यप विभिन्न विभागों से संबंधित प्रश्नों के उत्तर देंगे। वित्त मंत्री ओपी चौधरी सदन की मेज पर आवश्यक दस्तावेज रखेंगे और छत्तीसगढ़ विनियोग विधेयक का पुनःस्थापन करेंगे। ध्यानाकर्षण सूचनाओं के माध्यम से विधायक कुंवर सिंह निषाद और ललित चंद्राकर महत्वपूर्ण विषयों पर सरकार का ध्यान खींचेंगे, जबकि विधायक विक्रम मंडावी, लता उसेंडी और उद्देश्वरी पैकरा याचिकाओं की प्रस्तुति देंगे।
सत्र के अगले चरण में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रभार वाले विभागों की अनुदान मांगों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही मंत्री टंकराम वर्मा और वित्त मंत्री ओपी चौधरी अन्य शासकीय विधि विषयक कार्यों को सदन के पटल पर रखेंगे। राजनीतिक दृष्टि से आज पेश होने वाले संशोधन विधेयक और अनुदान मांगों पर होने वाली बहस को काफी अहम माना जा रहा है।