होली पर्व को लेकर कोरिया पुलिस ने निकाल फ्लैगमार्च शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में निर्भीक होकर पर्व मनाने की अपील।

बैकुंठपुर (कोरिया)। होली के त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कोरिया पुलिस ने सोमवार, 2 मार्च को जिले में फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे के निर्देशन में निकाले गए इस मार्च के जरिए पुलिस ने आम जनता को निर्भीक होकर पर्व मनाने का भरोसा दिलाया और असामाजिक तत्वों को कड़ी चेतावनी दी।

पुलिस लाइन से शुरू हुआ फ्लैग मार्च
फ्लैग मार्च से पहले पुलिस लाइन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. सुरेशा चौबे ने उपस्थित अधिकारियों और जवानों को ड्यूटी के संबंध में ब्रीफ किया। इसके बाद जवानों का काफिला बैकुंठपुर शहर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ चरचा और पटना क्षेत्र के मुख्य चौराहों तक पहुँचा। इस दौरान पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।

हुड़दंगियों और डीजे संचालकों पर रहेगी नजर
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि होली के दौरान हुड़दंग करने वालों, नशे की हालत में वाहन चलाने वालों और शांति भंग करने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिले के प्रमुख चौक-चौराहों पर ब्रेथ एनालाइजर से जांच की जाएगी। इसके साथ ही, वर्तमान में चल रही बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए बिना अनुमति डीजे बजाने और विवादित गाने चलाने पर पाबंदी लगाई गई है। उल्लंघन करने पर डीजे जब्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।

इन नियमों का पालन करना होगा अनिवार्य
कोरिया पुलिस ने नागरिकों के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं:

यातायात नियमों का पालन करें और हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनें।

ट्रिपल राइडिंग (तीन सवारी) और तेज रफ्तार ड्राइविंग से बचें।

किसी पर जबरन रंग न डालें और ज्वलनशील पदार्थों का प्रयोग न करें।

मुखौटा लगाकर घूमने और सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट करने से बचें।

फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने लोगों से सहयोग की अपेक्षा की है और कहा है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। इस मार्च में एसडीओपी राजेश साहू, डीएसपी श्याम मधुकर, रक्षित निरीक्षक नितेश आर नायर, सभी थाना प्रभारी और यातायात प्रभारी बीरबल राजवाड़े सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *