आरसीबी के तेज गेंदबाज यश दयाल ने की शादी, नोएडा में निजी समारोह में श्वेता पुंडीर संग लिए सात फेरे

नई दिल्ली। आईपीएल 2026 से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के तेज गेंदबाज यश दयाल ने अपने जीवन की नई पारी शुरू की है। यश दयाल ने 4 फरवरी को नोएडा में आयोजित एक निजी समारोह में कंटेंट क्रिएटर श्वेता पुंडीर के साथ शादी कर ली। इस समारोह में दोनों परिवारों के करीबी रिश्तेदार और चुनिंदा मित्र ही शामिल हुए। शादी की जानकारी काफी समय तक गोपनीय रखी गई, लेकिन अब इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।

श्वेता पुंडीर सोशल मीडिया की चर्चित कंटेंट क्रिएटर हैं। इंस्टाग्राम पर उनके करीब 6 लाख फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं। वह दिल्ली की रहने वाली हैं और खुद को आर्टिस्ट, कंटेंट क्रिएटर और व्लॉगर के रूप में प्रस्तुत करती हैं। इससे पहले वह इंटरकॉन्टिनेंटल लीजेंड्स लीग में ब्रॉडकास्टर्स के साथ भी काम कर चुकी हैं।

यश दयाल का नाम पिछले वर्ष कुछ गंभीर आरोपों के कारण भी चर्चा में रहा था। उनके खिलाफ अलग-अलग स्थानों पर शिकायतें दर्ज होने की बात सामने आई थी। हालांकि, इन मामलों में कानूनी प्रक्रिया जारी है और अंतिम स्थिति न्यायिक जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

क्रिकेट करियर की बात करें तो यश दयाल आईपीएल 2026 में एक बार फिर आरसीबी के लिए खेलते नजर आएंगे। फ्रेंचाइजी ने उन्हें 5 करोड़ रुपये में रिटेन किया है। उन्होंने वर्ष 2022 में गुजरात टाइटंस के लिए आईपीएल में पदार्पण किया था। इसके बाद वह अपने प्रदर्शन को लेकर सुर्खियों में रहे। अगले सीजन में उन्होंने आरसीबी के लिए प्रभावशाली वापसी की। वर्ष 2024 में उन्हें बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम में भी शामिल किया गया था, हालांकि उन्हें पदार्पण का मौका नहीं मिल सका।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *