रायपुर। बीमा क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए छत्तीसगढ़ के मनोज कुमार राठी और शीतल राठी ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है। भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) में कार्यरत इस दंपति ने युगल श्रेणी में देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि पर उन्हें अमेरिका में सम्मानित किया जाएगा।

राठी दंपति भारत में युगल के रूप में प्रथम एमडीआरटी (MDRT) प्राप्त करने वाले दंपति बने हैं। बीमा क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उन्होंने अखिल भारतीय स्तर पर शीर्ष स्थान हासिल किया है। उनका सम्मान अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित ऐनाहेम शहर में आयोजित कार्यक्रम में किया जाएगा।
कॉर्पोरेट क्लब में भी अग्रणी
मनोज कुमार राठी और शीतल राठी मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ में प्रथम कॉर्पोरेट क्लब दंपति हैं। वे लंबे समय से एलआईसी के रायपुर मंडल का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उनकी इस सफलता पर वरिष्ठ मंडल प्रबंधक राजेश कुमार सिंह, विपणन प्रबंधक बुधराम, प्रबंधक (विक्रय) दिलीप सीथा, शाखा प्रबंधक बी. के. बिस्वास और सहायक शाखा प्रबंधक शिखा पांडे सहित अन्य अधिकारियों ने शुभकामनाएं दीं। यह उपलब्धि डीआर गजेंद्र एलआईसी एसोसिएट के नेतृत्व में हासिल की गई है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी मिला सम्मान
राठी दंपति को 17 से 23 फरवरी 2025 तक ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में आयोजित समारोह में बीमा क्षेत्र के विश्व स्तरीय सम्मान से भी नवाजा जा चुका है। बीमा सेवा के क्षेत्र में उन्होंने 25 वर्ष पूरे किए हैं और अपनी पारदर्शिता, ईमानदारी एवं ग्राहक-केंद्रित कार्यशैली के लिए पहचाने जाते हैं।
मनोज राठी ने वर्ष 2000 में बीमा क्षेत्र में कदम रखा। 2003 में वे मंडल प्रबंधक क्लब सदस्य बने, 2005 में अध्यक्ष क्लब सदस्य का दर्जा हासिल किया। वर्ष 2004 से 2010 तक लगातार एमडीआरटी सदस्य रहे। 2011-12 में सीओटी और टीओटी श्रेणी में भी उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। वर्तमान में वे कॉर्पोरेट क्लब सदस्य के रूप में सक्रिय हैं।
बीमा क्षेत्र में शीर्ष अभिकर्ता के रूप में पहचान बना चुके राठी दंपति की यह उपलब्धि न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि मध्यप्रदेश के लिए भी गौरव का विषय है। अमेरिका में होने वाला उनका सम्मान राज्य को अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दिलाएगा।