चैत्र नवरात्रि की सप्तमी-अष्टमी पर रतनपुर पदयात्रा आज: शाम 4 बजे से भारी वाहनों का प्रवेश बंद, पुलिस रखेगी ड्रोन से नजर

बिलासपुर। चैत्र नवरात्रि की सप्तमी और अष्टमी की रात रतनपुर स्थित मां महामाया देवी के दर्शन के लिए निकलने वाले पदयात्री श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं। बिलासपुर से रतनपुर तक के 25 किलोमीटर के मार्ग पर आज शाम 4 बजे से भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। श्रद्धालुओं की सुगम और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए एसएसपी रजनेश सिंह ने पुलिस बल को विशेष निर्देश जारी किए हैं।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत पूरे रूट पर पुलिस की अलग-अलग टीमें गश्त करेंगी। निगरानी के लिए आधुनिक तकनीक का सहारा लेते हुए ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों का उपयोग किया जाएगा। पदयात्रा के दौरान हुड़दंग करने वाले, तेज रफ्तार बाइक चलाने वाले और स्टंट करने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। इस बार फिक्स पॉइंट पर तैनात पुलिसकर्मी ब्रीथ एनालाइजर का उपयोग करेंगे और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अपराधिक गतिविधियों को रोकने के लिए सादे कपड़ों में भी पुलिस बल तैनात रहेगा। किसी भी तरह का विवाद या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को सीधे थाने पहुंचाया जाएगा। आपात स्थिति से निपटने के लिए मार्ग में एंबुलेंस और क्विक रिस्पांस टीम की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं की सेवा और सहायता के लिए विभिन्न स्थानों पर नागरिक समितियां भी सक्रिय रहेंगी।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *