उदयपुर में एक हुए रश्मिका-विजय: शादी के सवाल पर भड़के ऋषभ शेट्टी, बिना जवाब दिए बीच में ही छोड़ा इंटरव्यू

उदयपुर। दक्षिण भारतीय सिनेमा के लोकप्रिय सितारे विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना 26 फरवरी की सुबह उदयपुर में परिणय सूत्र में बंध गए हैं। एक निजी समारोह में हुई इस शादी में दोनों परिवारों के सदस्य और करीबी मित्र ही शामिल हुए। इस बीच कन्नड़ फिल्म अभिनेता और निर्देशक ऋषभ शेट्टी का एक वीडियो चर्चा में है, जिसमें वे रश्मिका की शादी से जुड़े सवाल पर नाराजगी जाहिर करते नजर आ रहे हैं।

ऋषभ शेट्टी मंत्रालयम में आयोजित श्री राघवेंद्र गुरुवैभवोत्सव के समापन अवसर पर पहुंचे थे। वहां अपनी आगामी फिल्म जय हनुमान के लॉन्च कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मीडिया से विभिन्न विषयों पर चर्चा की। जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि क्या उन्हें रश्मिका मंदाना की शादी का निमंत्रण मिला है, तो ऋषभ शेट्टी ने कोई भी जवाब देने के बजाय केवल मुस्कुराकर धन्यवाद कहा और वहां से चले गए।

गौरतलब है कि रश्मिका मंदाना ने ऋषभ शेट्टी के निर्देशन में बनी फिल्म किरिक पार्टी से अपने करियर की शुरुआत की थी। इसी फिल्म के दौरान रश्मिका की सगाई अभिनेता रक्षित शेट्टी से हुई थी, जो बाद में टूट गई। बीते कुछ समय से रश्मिका और ऋषभ शेट्टी के बीच अनबन की खबरें भी सामने आती रही हैं। रश्मिका द्वारा अपने शुरुआती प्रोडक्शन हाउस के प्रति दिए गए एक बयान के बाद ऋषभ ने भी सार्वजनिक तौर पर अपनी असहमति जताई थी।

हाल ही में अभिनेता प्रमोद शेट्टी ने भी इस विषय पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि उन्हें रश्मिका की शादी का कोई निमंत्रण नहीं मिला है। विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की शादी की रस्में 22 फरवरी से शुरू हुई थीं, जिसमें संगीत, हल्दी और मेहंदी के कार्यक्रम शामिल थे। गुरुवार सुबह 10 बजे विवाह संपन्न होने के बाद अब प्रशंसकों को उनकी आधिकारिक तस्वीरों का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *