बॉक्स ऑफिस पर रणवीर सिंह का जलवा: धुरंधर 2 ने शनिवार को कमाए 113 करोड़, बनी सबसे बड़ी फिल्म

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह की हालिया रिलीज फिल्म धुरंधर 2 बॉक्स ऑफिस पर सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। फिल्म ने रिलीज के तीसरे दिन यानी शनिवार को भारत में 113 करोड़ रुपए का शानदार कलेक्शन किया। इसके साथ ही पेड प्रीव्यू समेत फिल्म का तीन दिनों का कुल भारतीय कलेक्शन 339.27 करोड़ रुपए पहुंच गया है।

ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के आंकड़ों के अनुसार, धुरंधर 2 ने वैश्विक स्तर पर 500 करोड़ रुपए की कमाई का आंकड़ा पार कर लिया है। फिल्म ने अब तक विदेशों में करीब 96.50 करोड़ रुपए की कमाई की है, जिससे इसका कुल वैश्विक कलेक्शन 501.04 करोड़ रुपए हो गया है। शनिवार की कमाई के मामले में इस फिल्म ने पुष्पा 2, जवान, बाहुबली 2 और दंगल जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है।

भारत में तीन दिनों का प्रदर्शन

फिल्म ने बुधवार को पेड प्रीव्यू के जरिए 43 करोड़ रुपए से अपनी शुरुआत की थी। इसके बाद गुरुवार को 102.55 करोड़, शुक्रवार को 80.72 करोड़ और शनिवार को 113 करोड़ रुपए की कमाई की। शनिवार को फिल्म के 20,917 शोज आयोजित किए गए, जिसमें दर्शकों की उपस्थिति 81.6 प्रतिशत रही।

हिंदी बेल्ट में बनाया नया रिकॉर्ड

धुरंधर 2 रिलीज के पहले शनिवार को हिंदी भाषा में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। शनिवार को फिल्म के अकेले हिंदी वर्जन ने 105 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया। इससे पहले यह रिकॉर्ड अल्लू अर्जुन की फिल्म पुष्पा 2 के नाम था, जिसने हिंदी वर्जन में पहले शनिवार को 73.50 करोड़ रुपए कमाए थे। वहीं तेलुगु वर्जन ने 5 करोड़ और तमिल में 2.95 करोड़ रुपए का कारोबार हुआ।

बॉक्स ऑफिस पर अन्य बड़ी फिल्मों से तुलना

शनिवार की कमाई के मामले में धुरंधर 2 ने कई बड़े कीर्तिमान ध्वस्त किए हैं। पूर्व में जवान ने 68.72 करोड़, एनिमल ने 58.37 करोड़ और पठान ने 51.50 करोड़ रुपए का शनिवार को कलेक्शन किया था। इसके अलावा बाहुबली 2 ने 40.50 करोड़ और केजीएफ चैप्टर 2 ने 40 करोड़ रुपए की कमाई की थी। इस जबरदस्त प्रदर्शन के साथ धुरंधर 2 भारतीय सिनेमा की सबसे सफल फिल्मों की सूची में शामिल होने की ओर अग्रसर है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *