मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह को मंगलवार को व्हाट्सएप पर एक वॉइस नोट के जरिए जान से मारने की धमकी दी गई है। आरोपी ने इस संदेश में अभिनेता से करोड़ों रुपए की फिरौती की मांग की है। धमकी मिलने के बाद मुंबई पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
सुरक्षा घेरा हुआ सख्त
सूत्रों के अनुसार, धमकी की जानकारी मिलते ही पुलिस ने रणवीर सिंह के बांद्रा स्थित आवास के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है। घर के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है और वहां आने-जाने वाले हर व्यक्ति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
पुराने मामले से जुड़ रहे तार
यह घटना फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित घर के बाहर 31 जनवरी को हुई फायरिंग के कुछ ही दिनों बाद सामने आई है। रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई पांच राउंड फायरिंग के बाद से मुंबई पुलिस पहले ही अलर्ट पर है। अब अभिनेता को मिली इस धमकी ने पुलिस की चिंता और बढ़ा दी है।
वॉइस नोट की फॉरेंसिक जांच शुरू
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, धमकी देने वाले व्यक्ति ने खुद को एक गंभीर अपराध गिरोह से जुड़ा बताया है। उसने चेतावनी दी है कि यदि फिरौती की रकम नहीं दी गई, तो अंजाम बुरा होगा। पुलिस ने संबंधित वॉइस नोट को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है।
आरोपी की तलाश में जुटी टीमें
मुंबई पुलिस की साइबर सेल और क्राइम ब्रांच की टीमें संयुक्त रूप से इस मामले की जांच कर रही हैं। व्हाट्सएप नंबर और वॉइस सैंपल के जरिए आरोपी की लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि क्या इस धमकी का रोहित शेट्टी फायरिंग केस से कोई सीधा संबंध है या यह केवल दहशत फैलाने की कोशिश है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।