राज्यसभा चुनाव 2026: शरद पवार और सिंघवी समेत 26 नेता निर्विरोध निर्वाचित, 11 सीटों पर फंसा पेंच

देश के 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों के लिए होने वाले चुनाव की तस्वीर अब साफ हो गई है। नामांकन वापसी की समयसीमा समाप्त होने के बाद 7 राज्यों के 26 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिए गए हैं। इनमें एनसीपी (शरद) प्रमुख शरद पवार, कांग्रेस के अभिषेक मनु सिंघवी, केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले, फूलो देवी नेताम और लक्ष्मी वर्मा जैसे दिग्गज नाम शामिल हैं। अब मुख्य मुकाबला बिहार, ओडिशा और हरियाणा की शेष 11 सीटों पर सिमट गया है, जहां 16 मार्च को मतदान होगा।

इन 11 सीटों के लिए कुल 14 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिससे मुकाबला त्रिकोणीय और रोचक हो गया है। भाजपा ने इन राज्यों के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति कर दी है ताकि चुनावी बिसात पर अपनी पकड़ मजबूत रखी जा सके।

निर्विरोध निर्वाचित होने वाले नेताओं की पूरी सूची:

  • महाराष्ट्र (7): शरद पवार (एनसीपी), रामदास आठवले (आरपीआई-आठवले), विनोद तावड़े (बीजेपी), रामराव वडुकुटे (बीजेपी), माया इवनाते (बीजेपी), ज्योति वाघमारे (शिवसेना-शिंदे), पार्थ पवार (एनसीपी)।
  • तमिलनाडु (6): तिरुची शिवा (डीएमके), जे कॉन्स्टेंटाइन रविंद्रन (डीएमके), एम थंबीदुरई (एआईएडीएमके), अंबुमणि रामदास (पीएमके), एम क्रिस्टोफर तिलक (कांग्रेस), एल के सुदीश (डीएमडीके)।
  • पश्चिम बंगाल (5): राहुल सिन्हा (बीजेपी), बाबुल सुप्रियो (टीएमसी), पूर्व डीजीपी राजीव कुमार (टीएमसी), सीनियर एडवोकेट मेनका गुरुस्वामी (टीएमसी), कोएल मलिक (टीएमसी)।
  • असम (3): जोगेन मोहन (भाजपा), तेरोस गोवाला (भाजपा), प्रमोद बोरो (यूपीपीएल)।
  • तेलंगाना (2): अभिषेक मनु सिंघवी (कांग्रेस), वेम नरेंद्र रेड्डी (कांग्रेस)।
  • छत्तीसगढ़ (2): लक्ष्मी वर्मा (भाजपा), फूलो देवी नेताम (कांग्रेस)।
  • हिमाचल प्रदेश (1): अनुराग शर्मा (कांग्रेस)।

तीन राज्यों में चुनावी घमासान:

1. बिहार (5 सीटें): यहाँ 6 उम्मीदवार मैदान में हैं। एनडीए की ओर से नीतीश कुमार, नितिन नबीन, शिवेश कुमार, रामनाथ ठाकुर और उपेंद्र कुशवाहा प्रत्याशी हैं, जबकि आरजेडी ने अमरेंद्र धारी सिंह को उतारकर मुकाबला दिलचस्प बना दिया है।

2. हरियाणा (2 सीटें): बीजेपी के संजय भाटिया और कांग्रेस के कर्मवीर बौद्ध के अलावा निर्दलीय प्रत्याशी सतीश नांदल ने मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है। भाजपा ने नांदल को अपना समर्थन दिया है।

3. ओडिशा (4 सीटें): यहाँ 5 उम्मीदवार हैं। बीजेपी के मनमहोन सामल, सुजीत कुमार और पार्टी समर्थित दिलीप रे मैदान में हैं। वहीं बीजेडी से संतृप्त मिश्रा और कांग्रेस समर्थित डॉ. दत्तेश्वर मिश्रा के बीच चौथी सीट के लिए कड़ी टक्कर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *