रायपुर। के. एस. ठाकुर। राजपूत क्षत्रिय महासभा राहटादाह (छत्तीसगढ़) ने यूजीसी (UGC) द्वारा जारी नए नियमों के विरोध में हुंकार भरी है। महासभा के केंद्रीय अध्यक्ष बजरंग सिंह बैंस के नेतृत्व में सामान्य वर्ग के हितों की रक्षा के लिए गुरुवार, 29 जनवरी 2026 को रायपुर कलेक्टर के माध्यम से माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
37 उपसमितियों ने एक साथ किया प्रदर्शन महासभा के अध्यक्ष ठाकुर बजरंग सिंह बैंस और केंद्रीय पदाधिकारियों की अगुवाई में छत्तीसगढ़ की सभी 37 उपसमितियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में एक साथ विरोध प्रदर्शन किया। रायपुर में तीनों उप-समितियों के पदाधिकारियों ने एकजुट होकर इस अभियान का नेतृत्व किया और यूजीसी के 13 जनवरी 2026 के नए नियमों को सामान्य वर्ग के लिए अहितकारी बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की।
भारी संख्या में जुटे समाज के लोग इस विरोध प्रदर्शन कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठ नागरिक, कनिष्ठ सदस्य, महिला मंडल और युवा मंडल के कार्यकर्ता भारी संख्या में शामिल हुए। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान समाज के युवाओं और महिलाओं ने अपनी एकजुटता का परिचय दिया।
मीडिया प्रभारी ने दी जानकारी महासभा के जोन क्रमांक 2 के मीडिया प्रभारी डॉ. विष्णु सिंह राजपूत ने बताया कि समाज इस नए नियम का पुरजोर विरोध करता है और शासन से इस पर पुनर्विचार करने का आग्रह करता है।