स्वस्थ होगा राजनांदगांव: अब हर बुधवार ‘आयुष्मान आरोग्य मंदिरों’ में लगेंगी योगा क्लास, नि:शुल्क होगी कैंसर और शुगर की जांच

के एस ठाकुर

राजनांदगांव : जिले के नागरिकों को गंभीर बीमारियों से बचाने और उन्हें सेहतमंद रखने के लिए प्रशासन ने एक बड़ी पहल शुरू की है। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देश पर अब राजनांदगांव के सभी 118 उप स्वास्थ्य केंद्रों और 27 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (आयुष्मान आरोग्य मंदिरों) में हर बुधवार को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत नागरिकों को न केवल योगाभ्यास कराया जाएगा, बल्कि बीपी, शुगर और कैंसर जैसी बीमारियों की नि:शुल्क जांच भी की जाएगी।

कैंसर और लाइफस्टाइल बीमारियों पर रहेगा फोकस मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन ने जानकारी दी कि गैर-संचारी रोग (NCD) कार्यक्रम के अंतर्गत 30 साल से अधिक उम्र के सभी पुरुषों और महिलाओं की विशेष स्क्रीनिंग की जा रही है। इसमें ब्लड प्रेशर और शुगर के साथ-साथ ओरल कैंसर और महिलाओं के लिए ब्रेस्ट कैंसर की जांच प्रमुखता से शामिल है। जांच के दौरान जिन लोगों में बीमारियों के लक्षण मिलेंगे, उन्हें दवाओं के साथ-साथ सही खान-पान, नियमित व्यायाम और तनावमुक्त जीवन जीने का परामर्श दिया जाएगा।

बेहतर स्वास्थ्य वाले नागरिक होंगे सम्मानित इस पहल की खास बात यह है कि जो लोग नियमित रूप से योग और परामर्श का लाभ लेंगे, उनकी हर महीने फिर से जांच की जाएगी। जिन नागरिकों का बीपी और शुगर लेवल नियंत्रण में पाया जाएगा, स्वास्थ्य विभाग उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए सम्मानित भी करेगा। विभाग के आला अधिकारी और राष्ट्रीय कार्यक्रमों के सलाहकार खुद इन आरोग्य मंदिरों का दौरा कर रहे हैं और लोगों के साथ योग में शामिल हो रहे हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे हर बुधवार को अपने नजदीकी आयुष्मान आरोग्य मंदिर पहुंचें, योग क्लास का हिस्सा बनें और अपनी नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच जरूर कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *