रायपुर: शराब के नशे में पुराने विवाद पर साथी ने की सहकर्मी की हत्या, CCTV में कैद हुई वारदात

रायपुर। राजधानी के खम्हारडीह थाना क्षेत्र स्थित कचना इलाके में एक दूध डेरी में काम करने वाले दो कर्मचारियों के बीच शराब पीने के बाद पुराना विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोपी सन्नी साहू ने अपने सहकर्मी दुर्गेश धृतलहरे की लोहे की रॉड और चाकू से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी। पूरी वारदात डेरी में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई, जिससे पुलिस को महत्वपूर्ण सबूत मिले हैं।

घटना 23-24 दिसंबर की दरमियानी रात करीब डेढ़ बजे की है। डेरी संचालक थाने पहुंचे और बताया कि उनके कर्मचारी सन्नी साहू एवं दुर्गेश धृतलहरे डेरी में नहीं हैं तथा उनके कमरे में फर्श पर खून फैला हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने CCTV फुटेज खंगाला, जिसमें दोनों के बीच झगड़ा, मारपीट और दुर्गेश के बेहोश होकर गिरने के बाद आरोपी द्वारा उसे ऑटो में डालकर ले जाने की घटना स्पष्ट दिखी।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी सन्नी साहू को मेकाहारा अस्पताल से हिरासत में लिया, जहां वह घायल दुर्गेश को लेकर पहुंचा था। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि शराब के नशे में पुराने विवाद पर झगड़ा हुआ। उसने लोहे की रॉड और चाकू से दुर्गेश के गले एवं गाल पर वार किए। घायल अवस्था में दुर्गेश को ई-रिक्शा से अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ई-रिक्शा खराब हो गया। इसके बाद एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जांच में सामने आया कि विवाद की जड़ ट्रैफिक जाम संबंधी पुरानी बहस थी, जो देर शाम शराब लेने जाने के दौरान शुरू हुई और रात में शराब पीते समय फिर भड़क उठी। आरोपी सन्नी साहू खम्हारडीह का निवासी है तथा डेरी में दूध बांटने का काम करता था। मृतक दुर्गेश धृतलहरे परसवानी, खरोरा का रहने वाला था और डेरी में ट्रैक्टर चलाता था। दोनों लंबे समय से डेरी परिसर में रह रहे थे।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर ई-रिक्शा जब्त कर लिया है। आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले की गहन जांच जारी है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *