रायपुर: तेज आंधी और बारिश में भी नहीं डिगा डीएलएड अभ्यर्थियों का हौसला, नियुक्ति की मांग पर डटे

रायपुर। राजधानी रायपुर में सोमवार देर रात आए भीषण आंधी-तूफान और बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। इस प्राकृतिक आपदा के बावजूद नवा रायपुर के तूता स्थित धरना स्थल पर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे डीएलएड अभ्यर्थियों का मनोबल नहीं टूटा। खराब मौसम और तेज हवाओं के बीच भी अभ्यर्थी पूरी रात धरना स्थल पर डटे रहे।

तेज आंधी के कारण धरना स्थल पर लगा टेंट फट गया और अभ्यर्थियों का काफी सामान उड़ गया। बारिश में भीगने के कारण प्रदर्शनकारियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने अपना स्थान नहीं छोड़ा। वर्तमान में सैकड़ों अभ्यर्थी केवल एक अस्थायी शेड के सहारे अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखे हुए हैं।

प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने बताया कि वे पिछले 85 दिनों से आमरण अनशन पर हैं। देर रात करीब साढ़े तीन बजे आए तूफान ने उनके टेंट और अन्य व्यवस्थाओं को तहस-नहस कर दिया, जिससे उन्हें लगभग ढाई से तीन लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। अभ्यर्थियों का कहना है कि अब उनके पास कुछ नहीं बचा है और वे सड़क पर उतरने को मजबूर हो गए हैं।

अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं, तो वे उग्र प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री से गुहार लगाई है कि रिक्त 2300 पदों पर जल्द से जल्द नियुक्ति प्रदान की जाए।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *