रायपुर ग्रामीण इलाकों में ट्रिपल मर्डर और चाकूबाजी से दहला इलाका, पुलिसिया दावों की खुली पोल

Raipur Crime News : रायपुर : राजधानी रायपुर में जहाँ शहरी इलाकों में होली का पर्व शांतिपूर्ण रहा, वहीं रायपुर ग्रामीण के आरंग, खरोरा और बरबंदा इलाकों में हुई तीन हत्याओं और तिल्दा में चाकूबाजी की वारदातों ने त्यौहार के जश्न को मातम में बदल दिया है। एक ही दिन में हुई इन हिंसक घटनाओं ने पुलिस के सुरक्षा दावों और फ्लैग मार्च की गंभीरता पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

आरंग में घर का इकलौता चिराग बुझा आरंग के साहू पारा में होली की खुशियाँ उस वक्त चीख-पुकार में बदल गईं, जब हुड़दंगियों ने 18 वर्षीय नीरज लोधी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में नीरज की मौत हो गई, जबकि उसके दो दोस्त जान बचाकर भागने में सफल रहे। पुलिस को नीरज के शरीर पर चाकू के गहरे घाव और सिर पर चोट के निशान मिले हैं। फिलहाल आरोपी फरार हैं और इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है।

खरोरा और बरबंदा में भी हत्या का तांडव खरोरा थाना क्षेत्र के माठ गांव में भी हिंसा का नंगा नाच देखने को मिला, जहाँ 18 वर्षीय मोहित निषाद की बेरहमी से हत्या कर दी गई। वहीं, बरबंदा में पुरानी रंजिश के चलते दिनेश विश्वकर्मा को मौत के घाट उतार दिया गया। हालांकि, बरबंदा मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

तिल्दा में चाकूबाजी से दहशत तिल्दा इलाके में भी विवाद के बाद हुई चाकूबाजी में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है। इन लगातार हुई वारदातों से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। एक दिन पहले ही पुलिस द्वारा निकाले गए फ्लैग मार्च के बावजूद हुई इन घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था की खामियों को उजागर कर दिया है। प्रशासन अब स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल का सहारा ले रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *