Raipur Press Club Election : रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी में पत्रकारों का महापर्व रायपुर प्रेस क्लब के जिस चुनाव का लंबे समय से इंतजार था, उसकी वोटिंग आज सुबह से शुरू हो गई है। प्रेस क्लब के बाहर सुबह से ही पत्रकारों का जमावड़ा लगा हुआ है और माहौल काफी गर्म है। मतदान को लेकर सदस्यों में इतना उत्साह है कि सुबह 10 बजे तक ही 100 से ज्यादा पत्रकार अपना वोट डाल चुके थे। इस चुनाव की खास बात यह है कि इसकी चर्चा सिर्फ मीडिया गलियारों में ही नहीं, बल्कि सियासी और व्यापारिक हलकों में भी जोरों पर है।
मैदान में दिग्गजों के बीच कांटे की टक्कर इस बार का चुनाव बेहद दिलचस्प है क्योंकि मैदान में कई मजबूत पैनल अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
अध्यक्ष पद के लिए: मोहन तिवारी, प्रशांत दुबे, प्रफुल्ल ठाकुर, अनिल पुसदकर और कृष्ण कुमार शर्मा जैसे बड़े नाम आमने-सामने हैं।
महासचिव पद के लिए: संदीप शुक्ला, गौरव शर्मा, दानिश अनवर, पराग मिश्रा और महादेव तिवारी के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। इनके अलावा उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष और संयुक्त सचिव पदों के लिए भी प्रत्याशी अपनी पूरी ताकत झोंक रहे हैं।
शाम 4 बजे तक वोटिंग, सुरक्षा के कड़े इंतजाम रायपुर प्रेस क्लब के करीब 787 मतदाता आज अपने नए पदाधिकारियों का भविष्य तय करेंगे। मतदान की प्रक्रिया सुबह 8 बजे से शुरू हो चुकी है जो शाम 4 बजे तक चलेगी। चुनाव के बाद तुरंत वोटों की गिनती की जाएगी और रात तक नतीजे घोषित होने की उम्मीद है। प्रेस क्लब के बाहर किसी भी तरह की गहमागहमी या अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि शांतिपूर्ण ढंग से लोकतांत्रिक प्रक्रिया पूरी हो सके।