रायपुर। रायपुर पुलिस ने ऑनलाइन जॉब के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आईजी अमरेश मिश्रा के निर्देशन में चल रहे ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत दोनों आरोपियों को राजस्थान से पकड़ा गया। आरोपियों पर देश के विभिन्न राज्यों में 13 से अधिक साइबर अपराध दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार ठगों ने वर्क फ्रॉम होम और घर बैठे मुनाफा कमाने का लालच देकर शहर के दो लोगों को निशाना बनाया। थाना राखी क्षेत्र के पारस कुमार धीवर से 24 लाख रुपये और थाना धरसीवां क्षेत्र के ललित साहू से 34 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई।
मामलों की गंभीरता को देखते हुए रायपुर रेंज आईजी ने विशेष टीम बनाई। तकनीकी साक्ष्य, बैंक खातों और टेलीग्राम चैट के विश्लेषण के आधार पर टीम ने राजस्थान और महाराष्ट्र में छापेमारी की।
इससे पहले पुलिस भवानी सिंह, उत्पल पंचारिया और साहिल संतोष को गिरफ्तार कर चुकी थी। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर दो और मास्टरमाइंड पकड़े गए जिनकी पहचान आशीष परिहार निवासी नसीराबाद जिला अजमेर और लक्ष्मण देवासी निवासी जिला पाली के रूप में हुई। दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। जांच में सामने आया है कि गिरोह सुनियोजित तरीके से देशभर में लोगों को निशाना बना रहा था।
पुलिस ने जनता को सतर्क रहने की सलाह दी है। अनजान नंबरों से पार्ट टाइम जॉब का ऑफर, यूट्यूब वीडियो लाइक या होटल रिव्यू के बदले पैसे देने का लालच और काम शुरू करने से पहले रजिस्ट्रेशन या सिक्योरिटी फीस मांगना ठगी के सामान्य तरीके बताए गए हैं।