रमेश गुप्ता रायपुर । शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए रायपुर पुलिस एवं नगर निगम रायपुर ने संयुक्त रूप से दो माह की विशेष कार्ययोजना लागू करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित बैठक में शहर के तीनों जोन के पुलिस उपायुक्त तथा ट्रैफिक पुलिस उपायुक्त उपस्थित रहे।
बैठक में पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला और नगर निगम कमिश्नर विश्वदीप ने स्पष्ट किया कि मुख्य सड़कों को अतिक्रमण एवं अव्यवस्थित पार्किंग से मुक्त कर नागरिकों को निर्बाध आवागमन उपलब्ध कराना प्राथमिक लक्ष्य है।
कार्ययोजना के प्रमुख बिंदु
शहर के प्रमुख मार्गों को चरणबद्ध तरीके से ठेला-खोमचा एवं अतिक्रमण से मुक्त कराया जाएगा।
सभी प्रमुख तिराहों-चौराहों से 50-50 मीटर की परिधि में नो पार्किंग और नो वेंडिंग जोन लागू होगा।
मुख्य मार्गों पर नई रोड मार्किंग एवं जेब्रा क्रॉसिंग बनाई जाएंगी।
ऑटोमैटिक सिग्नल युक्त चौराहों पर कांक्रीट ब्लॉक लगाकर लेफ्ट टर्न फ्री व्यवस्था लागू की जाएगी।
बाजार क्षेत्रों के लिए नए वेंडर जोन निर्धारित किए जाएंगे, ताकि वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।
रिंग रोड नंबर-01 पर विशेष अभियान
शहर से होकर गुजरने वाले रिंग रोड नंबर 01 में टाटीबंध चौक से जोरा ब्रिज तक सर्विस रोड को पूर्णतः पार्किंग मुक्त किया जाएगा। इस क्षेत्र में नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई के साथ आवश्यकतानुसार क्रेन टोइंग की कार्रवाई भी की जाएगी। यातायात पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम लगातार विशेष अभियान चलाकर उल्लंघनकर्ताओं के विरुद्ध सख्त दंडात्मक कदम उठाएगी।
प्रशासन की स्पष्ट चेतावनी
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को बाधारहित बनाने के लिए प्रमुख मार्गों को नो-वेंडर और पार्किंग फ्री जोन घोषित किया जाएगा। किसी भी प्रकार की अवैध पार्किंग या अस्थायी व्यावसायिक गतिविधि पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
नगर निगम कमिश्नर विश्वदीप ने कहा कि अतिक्रमण हटाने के बाद संबंधित क्षेत्रों में पुनः कब्जा न हो, इसकी निगरानी पुलिस पेट्रोलिंग टीम की जिम्मेदारी होगी। नगर निगम इस अभियान में रायपुर पुलिस को हरसंभव सहयोग देगा।
नागरिकों से अपील
प्रशासन ने नागरिकों, वाहन चालकों एवं व्यापारियों से सहयोग की अपील की है। नियमों का पालन कर ही शहर को जाममुक्त और सुरक्षित बनाया जा सकता है। उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।