रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नाबालिग बच्ची से बलात्कार के आरोपी अब्दुल सज्जाद अंसारी के घर पर बुधवार सुबह नगर निगम ने बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की। राजा तालाब के झंडा चौक स्थित मकान को ध्वस्त कर दिया गया।
नगर निगम ने पहले आरोपी को सात दिनों के भीतर मकान से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने का नोटिस चस्पा किया था। नोटिस की अवधि समाप्त होने के बाद आज सुबह बुलडोजर से मकान जमींदोज कर दिया गया। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस बल, प्रशासनिक टीम और स्थानीय पार्षद मौजूद रहे।
पार्षद कैलाश बेहरा ने कहा कि ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई आवश्यक है। लोगों में भारी आक्रोश है। उन्होंने कहा कि उनके वार्ड में ऐसे किसी भी कृत्य पर समान रूप से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। रायपुर महापौर मीनल चौबे ने कुछ दिन पहले आरोपी के घर और दुकान को तोड़ने के स्पष्ट निर्देश दिए थे।
बता दें कि आरोपी अब्दुल सज्जाद अंसारी सिविल लाइन थाना क्षेत्र में चूड़ियां बेचने वाली दुकान चलाता है। वह चॉकलेट, नमकीन और अन्य वस्तुएं भी बेचता था। आरोप है कि उसने इन वस्तुओं का लालच देकर 9 वर्षीय बच्ची को रोज अपने घर ले जाकर उसके साथ बलात्कार किया। यह अपराध 7 जनवरी से 11 जनवरी के बीच कई बार हुआ। मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।