रायपुर: सचिन पायलट के दौरे पर सियासी बयानबाजी तेज, मंत्री रामविचार नेताम ने कसा तंज

रायपुर। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट के आज रायपुर दौरे को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। छत्तीसगढ़ सरकार में मंत्री रामविचार नेताम ने पायलट के दौरे पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस विपक्ष में है, इसलिए उन्हें बैठक करने का पूरा अधिकार है, लेकिन कांग्रेस इस मुद्दे पर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है और इसमें सफल नहीं होगी। उन्होंने कहा, “सचिन पायलट सैर-सपाटा कर के चले जाएंगे, ईंधन की कमी होगी तो भरकर चले जाएंगे।”

बता दें कि सचिन पायलट आज दोपहर 12:20 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वे दोपहर 1 बजे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। दोपहर 2 बजे नव-नियुक्त जिला अध्यक्षों के साथ चर्चा होगी। इन बैठकों में मनरेगा बचाओ संग्राम आंदोलन की रूपरेखा पर मंथन किया जाएगा। पायलट शाम 5:55 बजे रायपुर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

मंत्री रामविचार नेताम ने जी राम जी योजना का बचाव करते हुए कहा कि इस योजना से श्रमिक वर्ग को लाभ मिलेगा। जिन कार्यों को पहले शामिल नहीं किया जा पाता था, उन्हें अब जोड़ा गया है। सरकार पूरी कार्ययोजना के साथ काम कर रही है।

धान खरीदी पर मंत्री ने कहा कि इस बार धान खरीदी पूरी तरह व्यवस्थित तरीके से चल रही है। जहां-जहां समस्याएं सामने आ रही हैं, वहां अधिकारी समाधान कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि किसी भी तरह की दिक्कतों को 15 जनवरी तक दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार किसानों का धान बिके, इसके लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को असम का ऑब्जर्वर बनाए जाने पर मंत्री रामविचार नेताम ने तंज कसते हुए कहा कि “जहां उनके पांव पड़ते हैं, वहां सफाया हो जाता है। असम में भी यही होगा।”

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *