Raipur Latest News : कितनी मौतों के बाद भाजपा सरकार नींद से जागेगी: बैज
Raipur Latest News : रायपुर ! छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले की लोरमी में बैगा जनजाति के पति-पत्नी की लाश पाये जाने पर गहरा दुख और आक्रोश प्रकट करते हुये प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि कितनी मौतों के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार नींद से जागेगी। प्रदेश में कोई भी आदमी कहीं भी सुरक्षित नहीं है।
श्री बैज ने कहा कि राजधानी के मरीन ड्राइव में एक व्यक्ति की फिर चाकू से गोदकर हत्या कर दी गयी। यह व्यक्ति अंबिकापुर से रायपुर आया था। इसके पहले यहीं पर एक युवती की गला काटकर हत्या कर दी गयी थी। सीतापुर में आदिवासी राजमिस्त्री को मारकर पानी की टंकी के नीचे दफना दिया गया। आज तक अपराधी फरार है।
मृतक की पत्नी राष्ट्रपति को पत्र लिख कर आत्मदाह करने को मजबूर हो गयी। गृहमंत्री का जिला कवर्धा अपराध और हत्या की राजधानी बन गया है। कवर्धा में तीन हत्याओं के बाद पूरे जिले में लोग दहशत में है।
श्री बैज ने दावा किया कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था बर्बाद हो चुकी है। आदमी रोज गाजर, मूली की तरह काटे जा रहे हैं। भाजपा और सरकार में बैठे हुये लोगों को कानून एवं व्यवस्था ठीक लग रही है। बलात्कार, लूट, चाकूबाजी, चेन स्नेचिंग, गुंडागर्दी की खबरों से अखबार भरा पत्र है। गैंगवार हो रहे हैं, दिन दहाड़े गोलिया चल रही है।
भाजपाई दृष्टिदोष का शिकार हो गये हैं। उन्हें आम आदमी की परेशानी दिखाई नहीं पड़ रही है। सत्ता के मद में भाजपाई जनसरोकारों को भूल बैठे हैं। राजधानी में ऐसा कोई दिन नहीं है जब हत्या लूट चाकूबाजी की घटना नहीं होती है। रायपुर तो ‘चाकूपुर’ बन गया है। झांकी वाले दिन राजधानी में एक युवक को बदमाशों ने मरणासन्न होते तक पीटा, वहीं एक अन्य युवक की हत्या कर दी गयी।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश का ऐसा कोई शहर नहीं है जहां रोज खूनी वारदात नहीं होती हो। उन्होंने कहा कि रोज-रोज की अपराधिक घटनाओं से पूरे प्रदेश में भय का माहौल बना हुआ है। सरकार आम आदमी को सुरक्षित माहौल देने में नाकामयाब साबित हो रही है।
Raipur Latest News : अपराधिक तत्वों के हौसले बुलंद हो गये। लोगों को जिंदा जलाया जा रहा, महिलाओं के साथ सामूहिक दुराचार की घटनायें बढ़ गयी, एसपी, कलेक्टर कार्यालय जलाये जा रहे हैं, राज्य में नौ महीने में ही दो कलेक्टर, दो एसपी को सजा के बतौर हटाया गया तथा निलंबित करना पड़ा उसके बाद भी सरकार अपनी आत्ममुग्धता में लगी हुई है।