रायपुर कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने पदभार संभालते ही लॉ एंड ऑर्डर पर सख्ती बरती

रायपुर कमिश्नरेट के नए पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने पदभार ग्रहण करते ही कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिए कि चालान के नाम पर वाहन स्वामियों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।

शनिवार रात 10 बजे सिविल लाइन स्थित सी-4 भवन के सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में कमिश्नर ने शहर की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग की प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर, सभी डिप्टी पुलिस कमिश्नर, एडिशनल डीसीपी, असिस्टेंट पुलिस कमिश्नर और थाना प्रभारी मौजूद रहे।

बैठक की शुरुआत में कमिश्नर ने अधिकारियों से परिचय लिया और रायपुर कमिश्नरेट की कार्ययोजना साझा की। उन्होंने शहर में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने पर जोर देते हुए विजिबल पुलिसिंग, पैदल पेट्रोलिंग और रात्रि गश्त को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

डॉ. शुक्ला ने कहा कि आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना तभी मजबूत होगी जब पुलिस हर इलाके में दिखाई दे।

कमिश्नर ने चाकूबाजी, नशाखोरी और अड्डेबाजी पर सख्त नियंत्रण के निर्देश दिए। गुंडों और निगरानी बदमाशों पर कड़ी नजर रखने तथा असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। विशेष रूप से प्रतिबंधित नशे के कारोबार पर जीरो टॉलरेंस अपनाने और पूरे नेटवर्क को तोड़ने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि चाकूबाजी की छोटी से छोटी घटना पर भी कड़ी धाराओं में अपराध दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बिना अनुमति प्रदर्शन-रैली पर रोक
रायपुर कमिश्नरी क्षेत्र में अब किसी भी रैली, धरना या सामूहिक आयोजन के लिए कमिश्नर की पूर्व अनुमति अनिवार्य होगी। बिना अनुमति आयोजन पर आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

इसी तरह निर्धारित समय के बाद बार, कैफे और रेस्टोरेंट को अनिवार्य रूप से बंद कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *