रायगढ़। खरसिया विकासखंड के ग्राम बकेली निवासी किसान कृष्णा कुमार गबेल ने धान बिक्री का टोकन नहीं कट पाने से अत्यधिक परेशान होकर शनिवार सुबह कीटनाशक का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में परिजनों ने उसे खरसिया सिविल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से बेहतर इलाज के लिए देर रात मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, कृष्णा कुमार की दो बड़ी बहनों के नाम पर करीब एक एकड़ खेत है, जिसमें वह कई वर्षों से खेती कर रहा है। जमीन बहनों के नाम दर्ज होने के कारण धान खरीदी प्रक्रिया के लिए उनकी आधार और मोबाइल नंबर की आवश्यकता पड़ती है। किसान ने बड़ी बहन के बेटे का मोबाइल नंबर दर्ज कराया था, जिसमें ओटीपी आना था।
पिछले करीब 15 दिनों से वह ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से टोकन कटवाने का प्रयास कर रहा था, लेकिन सफलता नहीं मिली। लगातार असफलता से मानसिक रूप से परेशान होकर शनिवार सुबह करीब 11 बजे घर पर ही उसने कीटनाशक पी लिया। परिजनों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया। उपचार जारी है।