भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आज सियासी पारा चढ़ा हुआ है। एक तरफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ‘किसान महा चौपाल’ के जरिए केंद्र और राज्य सरकार को घेरने पहुंचे हैं, तो दूसरी तरफ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उन पर तीखा हमला बोला है। सीएम ने राहुल गांधी के ज्ञान पर सवाल उठाते हुए उन्हें खेती-किसानी की बारीकियां समझने की सलाह दी है।
‘पहले रबी और खरीफ का अंतर जान लें राहुल’ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राहुल गांधी के दौरे पर तंज कसते हुए कहा, “राहुल गांधी का मध्यप्रदेश में स्वागत है, चौपाल लगाना अच्छी बात है। लेकिन बेहतर होगा कि वे पहले यह जान लें कि रबी और खरीफ की फसलें क्या होती हैं।” उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस ने 55 सालों तक किसानों के साथ अन्याय किया है, जबकि हमारी सरकार साल के 365 दिन किसानों के कल्याण के लिए काम कर रही है।
सिंचाई और विकास पर घेरा सीएम ने कांग्रेस के पुराने कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि 2003 तक प्रदेश में सिंचाई का रकबा सिर्फ साढ़े सात लाख हेक्टेयर क्यों था? उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने दशकों तक सिंचाई परियोजनाओं पर कोई ध्यान नहीं दिया, जबकि वर्तमान सरकार ने पिछले डेढ़ साल में ही अभूतपूर्व काम करके दिखाया है। उन्होंने राहुल गांधी से मांग की कि वे मध्यप्रदेश के किसानों के साथ हुए पुराने अन्याय के लिए माफी मांगें।
प्रदर्शन के तरीके पर भी जताई आपत्ति हाल ही में हुए कुछ विरोध प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए सीएम मोहन ने कहा कि राहुल गांधी को अपने उन कार्यकर्ताओं को डांट लगानी चाहिए जो कपड़े उतारकर प्रदर्शन करते हैं। उन्होंने इसे अशोभनीय बताते हुए राहुल गांधी से इस व्यवहार के लिए क्षमा मांगने को कहा। यह बयानबाजी ऐसे समय में हो रही है जब भोपाल के जवाहर चौक पर कांग्रेस की बड़ी किसान सभा हो रही है, जिसका मुख्य एजेंडा भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ किसानों की आवाज उठाना है।