सोनहत तहसील में राजस्व मामलों का त्वरित निराकरण

दो माह में 61 प्रकरण दर्ज 42 का निपटारा

रामगढ़ में साप्ताहिक कैंप कोर्ट से ग्रामीणों को राहत

कोरिया, 10 जनवरी 2025/
सोनहत तहसील में नामांतरण एवं बंटवारा से संबंधित राजस्व प्रकरणों का बीते दो माह से त्वरित एवं प्रभावी निराकरण किया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार इस अवधि में ऑनलाइन माध्यम से कुल लगभग 61 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें से 42 प्रकरणों का निराकरण किया जा चुका है, जबकि शेष 19 प्रकरण समय-सीमा के भीतर लंबित हैं, जिनका शीघ्र निराकरण किया जाएगा।

तहसील प्रशासन ने बताया कि दूरस्थ क्षेत्र रामगढ़ के नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक गुरुवार को रामगढ़ कैंप कोर्ट परिसर में ही न्यायालय का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान रामगढ़ क्षेत्र के समस्त पटवारी कैंप कोर्ट में उपस्थित रहते हैं और पक्षकारों की समस्याओं को सुनकर मौके पर ही निराकरण किया जाता है।

ग्रामीण जनता को अनावश्यक परेशानी न हो, इसके उद्देश्य से समय-समय पर राजस्व शिविरों का आयोजन भी किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त एसाईआर कार्य के अंतर्गत फॉर्म ‘सी’ से संबंधित मतदाताओं की सुनवाई हेतु 15 जनवरी को रामगढ़ क्षेत्र में विशेष कैंप का आयोजन किया गया है।
बुजुर्ग एवं अशक्त आवेदकों को राहत प्रदान करने के लिए उनके निवास ग्राम में ही पटवारी एवं राजस्व निरीक्षक को भेजकर सुनवाई की व्यवस्था की जा रही है। वहीं एग्री-स्टैक से संबंधित प्रविष्टियों के मामलों में भी तहसील स्तर पर विशेष शिविर आयोजित कर किसानों की समस्याओं का समाधान किया गया है।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें तथा अपनी समस्याओं के समाधान हेतु सीधे तहसील कार्यालय अथवा कैंप कोर्ट में संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *