शाजापुर। मध्य प्रदेश के शाजापुर जिला जेल से हत्या के प्रयास (धारा 307) का एक विचाराधीन कैदी, जो बीते दिनों फरार हो गया था, पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। जेल पुलिस ने तकनीकी निगरानी और सक्रियता दिखाते हुए आरोपी को छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से गिरफ्तार किया है। वह वहां अपने ससुराल के एक गांव में छिपा हुआ था।
जेल अधीक्षक दुष्यंत कुमार पगारे ने जानकारी देते हुए बताया कि कैदी के फरार होने के बाद से ही जेल पुलिस की टीमें उसकी तलाश में जुटी हुई थीं। पुलिस द्वारा मक्सी स्थित आरोपी के घर और अन्य संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी। इस दौरान पुलिस ने सुरक्षात्मक दृष्टि से आरोपी की पत्नी का मोबाइल फोन सर्विलांस पर रखा था।
पुलिस के अनुसार, शाजापुर से भागने के बाद आरोपी छत्तीसगढ़ पहुंच गया था। वहां पहुंचने के बाद जैसे ही उसने अपनी पत्नी से संपर्क किया, पुलिस को उसकी सटीक लोकेशन मिल गई। सूचना मिलते ही शाजापुर जेल पुलिस की एक टीम तत्काल छत्तीसगढ़ के बालोद रवाना हुई और घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
आरोपी कैदी को वापस शाजापुर लाया गया है, जहां उससे जेल से भागने के कारणों और इसमें शामिल अन्य सहयोगियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। इस सफल कार्रवाई के बाद जेल प्रशासन ने राहत की सांस ली है।