रायपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 13 मार्च को असम के गुवाहाटी में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान देश के 9.32 करोड़ किसानों के खातों में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त जारी करेंगे। इस अवसर पर कुल 18 हजार 650 करोड़ रुपये की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में अंतरित की जाएगी।
इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम का लाभ छत्तीसगढ़ के 24 लाख 71 हजार 498 किसानों को भी मिलेगा। प्रदेश के इन किसानों के खातों में 498.83 करोड़ रुपये की राशि जमा की जाएगी। विशेष बात यह है कि छत्तीसगढ़ के 2 लाख 92 हजार वन पट्टाधारी और 37 हजार 400 विशेष पिछड़ी जनजाति के किसानों को भी इस योजना से जोड़ा गया है। राजधानी रायपुर के जोरा स्थित स्वामी विवेकानंद कृषि महाविद्यालय में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में प्रदेश के किसान और जनप्रतिनिधि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ेंगे।
कृषि विभाग के अनुसार, पीएम किसान उत्सव के तहत विभिन्न ग्राम पंचायतों में बैठकों का आयोजन किया जाएगा और प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विशेष रूप से पिछड़ी जनजातियों के लिए कृषि भूमि की अनिवार्यता की शर्त में ढील दी गई है, ताकि उन्हें भी आर्थिक संबल मिल सके।
दिसंबर 2018 से लागू इस योजना के तहत पात्र किसानों को सालाना 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि दो-दो हजार रुपये की तीन किस्तों में सीधे बैंक खातों में भेजी जाती है। छत्तीसगढ़ में इस योजना की शुरुआत से लेकर अब तक किसानों को कुल 11 हजार 283 करोड़ 09 लाख रुपये की सहायता दी जा चुकी है।