इजरायल पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी का भव्य स्वागत, नेसेट में संबोधन के बाद सर्वोच्च संसदीय सम्मान से नवाजे गए

तेल अवीव। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर इजरायल की राजधानी तेल अवीव पहुंचे। बेन गुरियन एयरपोर्ट पर इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा नेतन्याहू ने प्रोटोकॉल तोड़कर गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। इस दौरान एक दिलचस्प वाकया भी सामने आया, जब प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने हल्के-फुल्के अंदाज में पीएम मोदी के पॉकेट स्क्वायर और अपनी पत्नी की ड्रेस के एक जैसे केसरिया रंग की ओर इशारा किया, जिस पर तीनों के बीच सुखद हंसी-मजाक हुआ।

हवाई अड्डे पर औपचारिक स्वागत के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने इजरायल की संसद ‘नेसेट’ को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ भारत की जीरो टॉलरेंस की नीति को दोहराते हुए कहा कि भारत इस लड़ाई में पूरी दृढ़ता के साथ इजरायल के साथ खड़ा है। उन्होंने 7 अक्टूबर 2023 के आतंकी हमले की निंदा करते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। पीएम मोदी ने जोर देकर कहा कि आतंकवाद वैश्विक शांति के लिए खतरा है और निर्दोष नागरिकों की हत्या को किसी भी तर्क से सही नहीं ठहराया जा सकता।

संबोधन के पश्चात इजरायली संसद द्वारा प्रधानमंत्री मोदी को वहां के सर्वोच्च संसदीय सम्मान ‘स्पीकर ऑफ द नेसेट मेडल’ से सम्मानित किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर पीएम मोदी ने कहा कि वह 140 करोड़ भारतीयों की ओर से दोस्ती और साझेदारी का संदेश लेकर आए हैं। उन्होंने भारत और इजरायल को दो पुरानी सभ्यताओं का मिलन बताते हुए द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाई देने की बात कही।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *