नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बांग्लादेश के नवनियुक्त प्रधानमंत्री और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के चेयरमैन तारिक रहमान को पत्र लिखकर ऐतिहासिक जीत की बधाई दी है। बीएनपी के 20 साल बाद सत्ता में लौटने पर तारिक रहमान बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री बने हैं। प्रधानमंत्री मोदी इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो-2026 में व्यस्तता के कारण शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं हो सके, इसलिए उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के माध्यम से यह संदेश भेजा।
विश्वास और विकास का जनादेश
पीएम मोदी ने अपने पत्र में तारिक रहमान को संबोधित करते हुए लिखा कि यह जीत बांग्लादेश की जनता द्वारा उनके नेतृत्व और शांति, स्थिरता व समृद्धि के दृष्टिकोण पर जताए गए भरोसे का प्रमाण है। उन्होंने साझा इतिहास और सांस्कृतिक संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों देशों की मित्रता आपसी शांति और जन-आकांक्षाओं पर आधारित है।
सहयोग के नए आयाम
प्रधानमंत्री ने भविष्य के लक्ष्यों को साझा करते हुए कनेक्टिविटी, व्यापार, प्रौद्योगिकी, शिक्षा, ऊर्जा और स्वास्थ्य सेवा जैसे क्षेत्रों में मिलकर काम करने की इच्छा जताई। उन्होंने कहा कि भारत और बांग्लादेश जैसी तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाएं एक-दूसरे के सतत विकास और सुरक्षा के लिए उत्प्रेरक का कार्य कर सकती हैं।
भारत आने का न्योता
प्रधानमंत्री मोदी ने तारिक रहमान को उनके परिवार सहित सुविधाजनक समय पर भारत यात्रा के लिए आमंत्रित किया है। उन्होंने पत्र के अंत में बांग्लादेश की जनता की निरंतर प्रगति और तारिक रहमान के सफल कार्यकाल की कामना की।