मेरठ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार, 22 फरवरी को मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन कॉरिडोर के शेष हिस्सों का उद्घाटन कर दिया है। इस शुभारंभ के साथ ही दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक 82 किलोमीटर लंबा पूरा कॉरिडोर अब परिचालन के लिए तैयार हो गया है। यह देश का पहला ऐसा रेल मार्ग है, जिस पर नमो भारत रैपिड रेल और मेट्रो ट्रेन दोनों एक ही ट्रैक पर संचालित की जाएंगी। इस सेवा के शुरू होने से दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बीच यात्रा अधिक सुगम, सुरक्षित और आधुनिक हो जाएगी।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर खुशी जाहिर करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री का स्वागत किया। उन्होंने लिखा कि मेरठ का यह दौरा क्रांतिकारी है और प्रधानमंत्री 1.45 अरब भारतीयों के जीवन को सरल और सहज बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना सराय काले खां स्टेशन पहुंचे। उद्घाटन किए गए हिस्सों में दिल्ली का सराय काले खां से न्यू अशोक नगर के बीच 5 किलोमीटर का खंड और उत्तर प्रदेश में मेरठ साउथ से मोदीपुरम के बीच 21 किलोमीटर का खंड शामिल है। इस कॉरिडोर का मुख्य स्टेशन सराय काले खां है, जो अब पूरी तरह कार्यात्मक चार प्रमुख स्टेशनों में से एक बन गया है। इस नई परिवहन प्रणाली से लाखों यात्रियों के समय की बचत होगी।