0 प्रेस क्लब खेल मड़ई-2ः स्व. रमेश नैयर स्मृति कैरम एकल प्रतियोगिता
0 फाइनल मैच बुधवार को दोपहर 3 बजे खेला जाएगा
रायपुर। रायपुर प्रेस क्लब खेल मड़ई-2 के तहत इंडोर गेम का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत आयोजित स्व. रमेश नैयर स्मृति कैरम एकल प्रतियोगिता के तीसरे दिन मंगलवार को क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल मैच खेले गए। रोमांचक सेमीफाइनल में दिनेश यदु और पलाश तिवारी ने अपने-अपने मैच जीतकर फाइनल में जगह बनाई। दोनों के बीच फाइनल मुकाबला बुधवार को दोपहर 3 बजे होगा।
पहला सेमीफाइनल मैच दिनेश यदु और विजय यादव के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में दिनेश यदु ने 29-23 से जीत हासिलकर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं दूसरे सेमीफाइनल मैच में पलाश तिवारी ने हितेश मेहता को 31-8 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। चार राउंड खेले गए मैच में पलाश ने कई बेहतरीन स्ट्रोक लगाए। हालांकि हितेश ने लगातार दो राउंड हारने के बाद तीसरे राउंड में वापसी की कोशिश की, लेकिन चौथे राउंड में पलाश ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए मैच अपने नाम कर लिया।
क्वार्टर फाइनल मैच के नतीजे
पहले क्वार्टर फाइनल में दिनेश यदु ने मुकेश वर्मा को 2-1 से हराया।
दूसरे क्वार्टर फाइनल में विजय यादव ने मो. अमीन को 2-1 से हराया।
तीसरे क्वार्टर फाइनल में हितेश मेहता ने दिनेश पाटकर को 2-0 से हराया।
चौथे क्वार्टर फाइनल में पलाश तिवारी ने पंकज चौहान को 2-1 से हराया।
नॉकआउट दौर के शेष मैच के नतीजे
मंगलवार को नॉकआउट दौर के शेष तीन मैच भी खेले गए। इसमें सत्यप्रकाश दुबे ने नरेंद्र बंगाले को 2-0 से हराकर अगले दौर मेें प्रवेश किया। वहीं दूसरे मैच में पंकज चौहान ने सत्यप्रकाश दुबे को 2-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। एक अन्य मैच में पलाश तिवारी ने भीमराव चंद्रिकापुरे को 2-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। आज के मैच के निर्णायक शंकर चंद्राकर, किशन राव लोखंडे, लक्ष्मण लेखवानी और विनय घाटगे रहे।