US Dollar Update : वॉशिंगटन। अमेरिकी मुद्रा ‘डॉलर’ के इतिहास में एक बड़ा और ऐतिहासिक बदलाव होने जा रहा है। जून 2026 से जारी होने वाले नए डॉलर नोटों पर अब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हस्ताक्षर अंकित होंगे। अमेरिकी ट्रेजरी विभाग की इस घोषणा ने 161 साल पुरानी उस परंपरा को खत्म कर दिया है, जिसके तहत नोटों पर ‘यूएस ट्रेजरर’ (U.S. Treasurer) के साइन हुआ करते थे।
जून से बदल जाएगी नोटों की सूरत
ट्रंप प्रशासन ने अमेरिका की स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में करेंसी के डिजाइन में यह बदलाव करने का फैसला लिया है। नए नियमों के मुताबिक, अब फेडरल रिजर्व के नोटों पर ट्रेजरर के बजाय राष्ट्रपति ट्रंप और ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेन्ट के हस्ताक्षर होंगे। विभाग के अनुसार, ट्रंप के सिग्नेचर वाला पहला $100 का नोट जून में छापा जाएगा, जिसके बाद $1, $5 और $20 के नोटों पर भी यह प्रक्रिया लागू होगी।
कानून के दायरे में बदलाव
दिलचस्प बात यह है कि अमेरिकी कानून किसी भी जीवित व्यक्ति की तस्वीर सिक्कों पर लगाने की अनुमति नहीं देता, यही वजह है कि ट्रंप की फोटो वाला $1 का सिक्का जारी नहीं किया जा सका। हालांकि, नोटों पर जीवित व्यक्ति के हस्ताक्षर की कानूनी अनुमति है, जिसका इस्तेमाल करते हुए यह फैसला लिया गया है। नोटों के बाकी सुरक्षा फीचर्स और पूर्व राष्ट्रपतियों की तस्वीरें पहले की तरह ही बरकरार रहेंगी।
ब्रांडिंग की ओर एक और कदम
इस फैसले को ट्रंप प्रशासन के उस व्यापक अभियान का हिस्सा माना जा रहा है, जिसके तहत सरकारी संस्थानों, इमारतों और कार्यक्रमों पर राष्ट्रपति के नाम की ब्रांडिंग की जा रही है। ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेन्ट ने इस कदम को अमेरिकी आर्थिक मजबूती और ट्रंप के ‘स्वर्ण युग’ के प्रतीक के रूप में पेश किया है। वर्तमान में बाजार में जेनेट येलेन के हस्ताक्षर वाले नोट चलन में हैं, जिन्हें चरणबद्ध तरीके से बदला जाएगा।