राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज अपने प्रवास पर बस्तर संभाग के मुख्यालय जगदलपुर पहुंचीं। माँ दंतेश्वरी एयरपोर्ट पर उनके विमान के लैंड करते ही पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल दिखा। एयरपोर्ट पर राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पुष्पगुच्छ भेंट कर राष्ट्रपति का भव्य और आत्मीय स्वागत किया।
इस विशेष अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, वन मंत्री केदार कश्यप और सांसद महेश कश्यप समेत कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों ने राष्ट्रपति का अभिवादन किया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस पल को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि माँ दंतेश्वरी की पावन धरा पर राष्ट्रपति का आगमन छत्तीसगढ़ के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति की उपस्थिति आदिवासी संस्कृति, परंपरा और जनजातीय अस्मिता को वैश्विक मंच पर एक नई पहचान और मजबूती प्रदान करेगी।
राष्ट्रपति मुर्मू यहाँ ‘बस्तर पंडुम’ महोत्सव का शुभारंभ करने के साथ-साथ विभिन्न विकास कार्यों और जनजातीय समाज से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी। उनके आगमन को लेकर बस्तर अंचल में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और स्थानीय लोगों में अपनी ‘आदिवासी गौरव’ राष्ट्रपति को देखने के लिए भारी उत्साह है। यह दौरा न केवल बस्तर के सांस्कृतिक वैभव को प्रदर्शित करेगा, बल्कि क्षेत्र के विकास की नई संभावनाओं के द्वार भी खोलेगा।