अंबिकापुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 20 नवंबर को छत्तीसगढ़ प्रवास पर आएंगी। वे अंबिकापुर में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम में शामिल होंगी। उनके आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां शुरू हो गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए ऐलान के बाद भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को देशभर में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जाती है। इस वर्ष अंबिकापुर में इसका आयोजन बड़े स्तर पर किया जाएगा।
इस अवसर पर 19 और 20 नवंबर को अंबिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में दो दिवसीय भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन का मुख्य आकर्षण राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की उपस्थिति होगी। वे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर प्रदेश के जनजातीय समुदायों के साथ सहभागिता करेंगी।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर 3 नवंबर को नवा रायपुर में आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, आयुक्त डॉ. सारांश मित्तर, संयुक्त सचिव बी.एस. राजपूत, अपर संचालक संजय गौड़, नोडल अधिकारी गायत्री नेताम सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सरगुजा संभाग के सभी जिलों के सहायक आयुक्त भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।