रायपुर में खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स की तैयारियां तेज, 25 मार्च से शुरू होगा जनजातीय खिलाड़ियों का महाकुंभ

रायपुर। छत्तीसगढ़ की मेजबानी में आगामी 25 मार्च से 3 अप्रैल तक आयोजित होने वाले पहले खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स के लिए राजधानी रायपुर में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस बड़े खेल आयोजन में देशभर से लगभग 1069 खिलाड़ी और उनके कोच शामिल होने पहुंच रहे हैं। खिलाड़ियों के ठहरने के लिए शहर के वीआईपी रोड और आसपास के सात प्रमुख होटलों में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

इस खेल प्रतियोगिता में मुख्य रूप से तैराकी, भारोत्तोलन, हॉकी, फुटबॉल और तीरंदाजी जैसे खेल आयोजित किए जाएंगे। इन स्पर्धाओं में केवल जनजातीय समुदाय के खिलाड़ी ही अपना कौशल दिखाएंगे। मेजबान छत्तीसगढ़ से लगभग 200 खिलाड़ियों का दल मैदान में उतरेगा। इस आयोजन का एक मुख्य आकर्षण लद्दाख की टीम का पहली बार रायपुर पहुंचना है, जिससे इस खेल महोत्सव का स्वरूप और भी व्यापक हो गया है।

राजधानी में खिलाड़ियों के पहुंचने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। अरुणाचल प्रदेश की भारोत्तोलन टीम 22 मार्च को ही रायपुर पहुंच चुकी है, जबकि अन्य सभी टीमों के 24 मार्च की सुबह तक पहुंचने की उम्मीद है। बाहर से आने वाले खिलाड़ियों की सहायता और बेहतर समन्वय के लिए रेलवे स्टेशन पर एक विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।

दस दिनों तक चलने वाले इस खेल महाकुंभ का भव्य उद्घाटन 25 मार्च को रायपुर में किया जाएगा। जानकारी के अनुसार, प्रतियोगिता का समापन कार्यक्रम अंबिकापुर में आयोजित हो सकता है। स्कूल नेशनल गेम्स के सफल आयोजन के बाद यह छत्तीसगढ़ में होने वाला दूसरा बड़ा राष्ट्रीय खेल आयोजन है, जिसे लेकर खेल विभाग और प्रशासन ने सुरक्षा व सुविधाओं के कड़े इंतजाम किए हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *