अक्षय तृतीया पर भगवान परशुराम प्रकटोत्सव भव्य रूप में मनाने की तैयारी, सांस्कृतिक कार्यक्रम व बाइक रैली का प्रस्ताव

बेमेतरा, 06 अप्रैल 2026।

आगामी के पावन अवसर पर जन्मोत्सव को भव्य रूप में मनाने के लिए ब्राह्मण समाज द्वारा व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी क्रम में किसान भवन के पास समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें वरिष्ठजनों, युवाओं एवं प्रदेश प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष भगवान परशुराम जयंती को आकर्षक एवं भव्य स्वरूप दिया जाएगा। विशेष रूप से अक्षय तृतीया के दिन भव्य बाइक रैली निकालने का प्रस्ताव रखा गया, जिस पर अंतिम निर्णय हेतु आगामी बैठक 12 अप्रैल (रविवार) को आयोजित की जाएगी।

कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार आयोजन की शुरुआत संपद लक्षेश्वर धाम दंडी स्वामी श्रीमज्ज्योतिर्मयानदः सरस्वती जी महाराज के मार्ग दर्शन में मंगलाचरण एवं भजन-कीर्तन से होगी। इसके पश्चात सत्यनारायण व्रत कथा, 11 ब्राह्मणों द्वारा अभिषेक , विधि-विधान से भगवान परशुराम का पूजन एवं आरती की जाएगी। दोपहर में प्रसाद वितरण एवं शरबत की व्यवस्था रहेगी।

आयोजन में बच्चों एवं युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है। शाम के सत्र में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत भजन संध्या के माध्यम से भगवान परशुराम के जीवन, आदर्शों और पराक्रम को प्रस्तुत किया जाएगा।

इस वर्ष विशेष आकर्षण के रूप में विप्र समाज के वरिष्ठजनों का प्रतीक चिन्ह देकर सम्मान किया जाएगा। साथ ही पांच बटुकों को भगवान परशुराम के स्वरूप में सुसज्जित कर रथ पर नगर भ्रमण कराने का भी प्रस्ताव रखा गया है।

बैठक में समाज के पदाधिकारियों ने नगर के सभी ब्राह्मण समाज के श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

बैठक में लेखमणी पाण्डेय, लाला तिवारी, जितेंद्र शुक्ला, अजय तिवारी, नागेंद्र दीवान, महेश शर्मा, दीपक पाण्डेय, भावेश पाण्डेय, मनोज मिश्रा, आशीष तिवारी,विद्यानंद तिवारी, शिवम तिवारी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *