रायपुर। छत्तीसगढ़ के विकास में विदेश में रहने वाले प्रदेशवासियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए राजधानी रायपुर में 27 और 28 मार्च को प्रवासी छत्तीसगढ़ कॉन्क्लेव का आयोजन किया जाएगा। इस दो दिवसीय सम्मेलन का आयोजन उत्तर अमेरिका छत्तीसगढ़ प्रवासी संघ (नाचा) और छत्तीसगढ़ एनआरआई संघ के सहयोग से किया जा रहा है। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पंजीयन की प्रक्रिया जल्द ही शुरू की जाएगी।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य सात समंदर पार रहने वाले छत्तीसगढ़ियों को अपनी मातृभूमि के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक विकास से जोड़ना है। सम्मेलन के दौरान राज्य में निवेश की संभावनाओं, स्टार्टअप, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मंथन होगा। साथ ही इस बात पर भी चर्चा की जाएगी कि प्रवासी भारतीयों के अनुभवों और संसाधनों का लाभ उठाकर राज्य में रोजगार के नए अवसर कैसे पैदा किए जा सकें।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्रवासी छत्तीसगढ़ी प्रदेश की अमूल्य पूंजी हैं। उन्होंने कहा कि विदेश में रह रहे छत्तीसगढ़ के नागरिक अपने ज्ञान, अनुभव और निवेश के माध्यम से राज्य के विकास को नई ऊंचाई पर ले जा सकते हैं। राज्य सरकार चाहती है कि ये नागरिक प्रदेश के औद्योगिक और सामाजिक ढांचे को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
सम्मेलन में दुनिया के विभिन्न देशों से उद्यमी, विशेषज्ञ और विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे। यह आयोजन न केवल प्रदेश और प्रवासी समाज के बीच संवाद को मजबूत करेगा, बल्कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति और विकास की संभावनाओं को वैश्विक स्तर पर एक नई पहचान भी प्रदान करेगा।