झिलमिला में हरिकीर्तन नामयज्ञ का भव्य समापन, प्रखर अग्रवाल हुए शामिल

दिलीप गुप्ता
सरायपाली। नगर के वार्ड क्रमांक 9 झिलमिला में प्रतिवर्ष की भाँति इस वर्ष भी वार्डवासियों के सहयोग से भव्य हरिकीर्तन नामयज्ञ का आयोजन किया गया। पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र में भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बना रहा। कार्यक्रम में विभिन्न स्थानों से आई कीर्तन मंडलियों ने मधुर भजनों और हरिनाम संकीर्तन के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। बड़ी संख्या में क्षेत्र के श्रद्धालुजन प्रतिदिन कार्यक्रम में शामिल होकर भगवान श्री हरि के नाम का संकीर्तन करते रहे।
कार्यक्रम के अंतिम दिन विधिवत हवन-पूजन एवं भंडारे के साथ हरिकीर्तन नामयज्ञ का समापन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे और प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
इस पावन अवसर पर संगम सेवा समिति के संस्थापक व जिला महामंत्री प्रखर अग्रवाल भी विशेष रूप से उपस्थित हुए। उन्होंने भगवान श्री हरि की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा उपस्थित श्रद्धालुओं के साथ भक्ति भाव से कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।
प्रखर अग्रवाल ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारे, श्रद्धा और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। उन्होंने आयोजन के लिए वार्डवासियों और आयोजन समिति की सराहना करते हुए सभी के सुख, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रखर अग्रवाल ने सरायपाली अंचल के समस्त नागरिकों के लिए भगवान श्री हरि से सुख-समृद्धि, शांति और अच्छे स्वास्थ्य की मंगल कामना की। वहीं वार्डवासियों ने भी हर वर्ष की तरह इस वर्ष सफलतापूर्वक आयोजन संपन्न होने पर प्रसन्नता व्यक्त की और भविष्य में भी इस परंपरा को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *