सक्ती। सक्ती जिले के जोबा आश्रम में आज आयोजित घर वापसी कार्यक्रम में पहले धर्म परिवर्तन कर चुके 35 परिवारों ने पुनः हिंदू धर्म को अपनाया। अखिल भारतीय घर वापसी अभियान के प्रमुख प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ उनके चरण पखारकर उन्हें विधिवत रूप से सनातन धर्म में वापस लाया।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य आयुष शर्मा और सनातन सेविका अंजू गबेल सहित बड़ी संख्या में संत, माताएं और महिलाएं भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान धार्मिक वातावरण में मंत्रोच्चार, पूजा-पाठ और धर्मिक अनुष्ठान किए गए।
प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने इस मौके पर कहा कि वे अपने पिता स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव की घर वापसी मुहिम को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सेवा और प्रलोभनों के नाम पर धर्मांतरण हो रहा है, जिसे रोकना जरूरी है। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जो लोग भ्रमित होकर धर्म परिवर्तन कर चुके हैं, उन्हें पुनः अपने मूल धर्म में लाने का कार्य सतत जारी रहेगा।

यह कार्यक्रम सामाजिक और धार्मिक स्तर पर महत्वपूर्ण चर्चा का विषय बना हुआ है।