नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में घने स्मॉग की मोटी चादर छाई हुई है तथा वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर पर बना हुआ है। धुंध के कारण विजिबिलिटी में कमी आई है, जिससे सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, रविवार सुबह सात बजे दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 398 दर्ज किया गया, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है तथा गंभीर श्रेणी के करीब है।
ग्रेप स्टेज-4 के तहत सभी प्रतिबंध लागू होने के बावजूद राजधानी के अधिकांश इलाकों में एक्यूआई 400 के पार रहा। आनंद विहार में 433, बवाना में 442, बुराड़ी में 383, चांदनी चौक में 452, द्वारका में 414, आईटीओ में 399, अक्षरधाम में 438, जहांगीरपुरी में 440, मुंडका में 434, नरेला में 418, रोहिणी में 438, विवेक विहार में 418 तथा वजीरपुर में 446 एक्यूआई दर्ज किया गया।
एनसीआर की स्थिति भी गंभीर बनी हुई है। सुबह सात बजे नोएडा में एक्यूआई 401, ग्रेटर नोएडा में 334, गाजियाबाद में 361 तथा गुरुग्राम में 362 दर्ज किया गया।