सड़क पर ‘सियासत’ पड़ी भारी: कवर्धा में सड़क उखाड़ने वाले कांग्रेस नेता पर FIR, जांच में पास हुआ निर्माण

कवर्धा: छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में एक निर्माणाधीन सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठाना कांग्रेस नेता तुकाराम चन्द्रवंशी के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है। तरेगांव थाने में पुलिस ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि उन्होंने सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया और शासन की छवि खराब करने की कोशिश की।

क्या है पूरा मामला? दरअसल, बैगा बाहुल्य इलाके कोयलारी से मूधिया पथरा तक करीब 2.1 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जा रही है। लगभग 1 करोड़ 65 लाख रुपये की लागत वाली इस सड़क को लेकर कांग्रेस नेता तुकाराम चन्द्रवंशी ने दावा किया था कि निर्माण कार्य बेहद घटिया है। उन्होंने अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचकर गैती से सड़क उखाड़ी और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

जांच में सही निकली सड़क, ठेकेदार ने की शिकायत वीडियो वायरल होने के बाद प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) की तकनीकी टीम जांच के लिए मौके पर पहुंची। अफसरों का दावा है कि तकनीकी जांच में सड़क की गुणवत्ता बिल्कुल सही पाई गई है। इसके बाद सड़क निर्माण कर रहे ठेकेदार ने कांग्रेस नेता के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने और सड़क को जानबूझकर नुकसान पहुंचाने की शिकायत दर्ज कराई।

सियासी पारा चढ़ा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन इस कार्रवाई के बाद जिले में राजनीति गर्मा गई है। एक तरफ प्रशासन इसे सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाना मान रहा है, तो दूसरी तरफ इस घटना ने निर्माण कार्यों की निगरानी और राजनीतिक विरोध के तरीके पर एक नई बहस छेड़ दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *