बीजापुर में अतिक्रमण पर सियासत तेज: भाजपा ने विधायक को घेरा, कहा- विधायक की मांग पर ही हुई कार्यवाही

बीजापुर। बीजापुर नगर में हाल ही में अतिक्रमण के खिलाफ हुई प्रशासनिक कार्यवाही ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। इस मामले में विपक्ष और स्थानीय विधायक द्वारा सत्तापक्ष पर लगाए जा रहे आरोपों का भारतीय जनता पार्टी ने कड़ा जवाब दिया है। भाजपा ने प्रेस वार्ता आयोजित कर विधायक विक्रम मंडावी के दावों का खंडन किया और उन्हें ही कटघरे में खड़ा कर दिया।

विधायक के ‘दोहरे चरित्र’ पर भाजपा का प्रहार
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष घासीराम नाग ने कहा कि नगरपालिका क्षेत्र में अवैध रूप से बनाए गए कच्चे मकानों पर प्रशासन ने जो तोड़फोड़ की है, उसे विधायक गलत बता रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक पीड़ितों के बीच झूठ परोसने का काम कर रहे हैं, जो बेहद निंदनीय है। नाग ने आगे कहा, “विधायक विक्रम झूठ की राजनीति करते हैं। जब उनकी सरकार थी, तब अगस्त की भारी बारिश में गरीबों के घर तोड़े गए थे, तब उन्होंने उस घटना को जायज ठहराया था। लेकिन आज उनका दोहरा चरित्र सामने आ रहा है।”

“विधायक की मांग पर ही प्रशासन ने चलाया बुलडोजर”
सांसद प्रतिनिधि जिला राम राना ने प्रेस वार्ता में एक बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि हाल ही में संपन्न हुई ‘दिशा समिति’ की बैठक में वह स्वयं मौजूद थे। उन्होंने दावा किया कि इस बैठक के दौरान खुद विधायक ने जिला कलेक्टर से अतिक्रमण पर तत्काल और कड़ी कार्यवाही करने की मांग दमदारी से की थी। राना ने सवाल उठाया, “विधायक की यह कैसी संवेदनशीलता है? एक तरफ वे खुद अतिक्रमण हटाने की मांग करते हैं और जब प्रशासन कार्यवाही करता है, तो जनता के बीच जाकर उसे गलत बताते हैं।”

जश्न और संवेदनशीलता पर सवाल
भाजपा नेताओं ने विधायक पर तंज कसते हुए कहा कि जब गरीबों के आशियाने पर कार्यवाही हो रही थी, उस समय विधायक अपने नए घर के गृह प्रवेश का जश्न नाच-गाने के साथ मना रहे थे। क्या यह माना जाए कि यह जश्न उनकी मांग पूरी होने की खुशी में था? भाजपा ने कहा कि विधायक को जनता के बीच सच बोलना चाहिए कि यह कार्यवाही उन्हीं की मांग पर की गई है।

भाजपा ने लगाया राजनीतिक द्वेष का आरोप
जिलाध्यक्ष घासीराम नाग ने यह भी कहा कि अगर विधायक को वास्तव में जनता की चिंता होती, तो कलेक्टर को दिए गए आवेदन में उन्होंने न्याय की बात कही होती। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनैतिक उद्देश्य से सिर्फ भाजपा नेताओं पर अवैध जमीन कब्जे का आरोप मढ़ा गया है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि अगर विधायक निष्पक्ष हैं, तो कांग्रेस के उन दर्जनों नेताओं पर भी कार्यवाही की मांग करें जिनके पास अवैध भूमि है।

इस प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष श्रीनिवास मुदलियार, जिला महामंत्री संजय लुंकड़, फूलचंद गागड़ा और प्रवक्ता मैथुज कुजूर मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *