रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के दौरान अफीम की खेती और गैस की किल्लत को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस हुई। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आरोपों पर संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा सरकार अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त है और मामले सामने आते ही तत्काल कार्रवाई की जा रही है।
विधानसभा में अफीम की खेती का मुद्दा उठाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भाजपा से जुड़े लोग अफीम की खेती को बढ़ावा दे रहे हैं। बघेल ने कटाक्ष करते हुए कहा कि सरकार ने किसानों की आय दोगुनी करने के बजाय अफीम की खेती को नया स्टार्टअप बना दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में अफीम की खेती की जानकारी मिल रही है और इसे फसल की श्रेणी में शामिल किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है।
इस पर जवाब देते हुए संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि भाजपा सरकार अपराधियों को संरक्षण नहीं देती। दुर्ग की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अवैध कार्यों के खिलाफ सरकार ने तुरंत कार्रवाई की है। कश्यप ने कांग्रेस के कार्यकाल पर निशाना साधते हुए कहा कि पांच साल तक सत्ता में रही कांग्रेस ने कोयला और शराब घोटाले किए। उन्होंने भूपेश बघेल के आरोपों को निराधार बताया और कहा कि विपक्ष केवल सदन को गुमराह करने का काम कर रहा है।
घरेलू गैस की किल्लत के मुद्दे पर केदार कश्यप ने कहा कि प्रदेश में 62 लाख से अधिक घरेलू गैस कनेक्शन हैं और सरकार इसकी निरंतर मॉनिटरिंग कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गैस की समस्या वैश्विक स्तर की है, जिसे हल करने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। कश्यप ने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वे इस मामले में पैनिक पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने सलाह दी कि कांग्रेस को यदि यह मुद्दा उठाना है, तो उनके सांसदों को केंद्रीय स्तर पर अपनी बात रखनी चाहिए।