पुलिस ने आकांक्षा टोप्पो के दावों को बताया ‘भ्रामक और निराधार’, सोशल मीडिया वीडियो का किया खंडन

बैकुंठपुर,कोरिया | कोरिया पुलिस ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो द्वारा एक मृतिका के संबंध में पोस्ट किए गए वीडियो को पूरी तरह से भ्रामक, तथ्यहीन और दुर्भावनापूर्ण करार दिया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वीडियो में लगाए गए आरोप न केवल सच्चाई से परे हैं, बल्कि पुलिस प्रशासन और माननीय विधायक की छवि धूमिल करने का एक प्रयास हैं।

क्या है पूरा मामला?

दिनांक 1 मार्च 2026 को आकांक्षा टोप्पो ने अपने फेसबुक और यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो अपलोड किया था। यह वीडियो थाना चरचा के मर्ग क्रमांक 05/2026 से संबंधित था। वीडियो में दावा किया गया था कि मृतिका की हत्या की गई है और उसके निजी अंगों में शराब की बोतल डाली गई है। साथ ही, इसमें स्थानीय प्रशासन और विधायक पर भी गंभीर आरोप लगाए गए थे।

पुलिस की जांच में क्या आया सामने?

कोरिया पुलिस के अनुसार, इस मामले की जांच 26 फरवरी 2026 को शुरू हुई थी, जब जिला चिकित्सालय बैकुंठपुर से मिली सूचना के आधार पर मर्ग कायम किया गया था

मृतिका के पति, पुत्र और अन्य रिश्तेदारों ने अपने बयानों में बताया कि मृतिका अत्यधिक शराब पीने की आदी थी। शराब के नशे में वह अक्सर अपना मानसिक संतुलन खो देती थी और कहीं भी गिर जाया करती थी।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शव निरीक्षण के दौरान महिला पंचों की उपस्थिति में मृतिका के अंडरगारमेंट्स के अंदर से 180 एमएल की शराब की प्लास्टिक की शीशी बरामद हुई थी, न कि शरीर के अंदर से। पुलिस का कहना है कि अक्सर नशे की आदी महिलाएं ऐसी वस्तुओं को छुपा कर रखती हैं।

चिकित्सक द्वारा की गई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शराब की उपस्थिति की पुष्टि हुई है, लेकिन किसी भी प्रकार के यौन उत्पीड़न या निजी अंगों में बोतल डालने जैसी बात की पुष्टि नहीं हुई है। विसरा को एफएसएल जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है।
पुलिस की चेतावनी

कोरिया पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली ऐसी भ्रामक और सनसनीखेज खबरों पर विश्वास न करें। पुलिस ने कहा कि आकांक्षा टोप्पो द्वारा बिना तथ्यों की जांच किए जनसामान्य को गुमराह करने का प्रयास किया गया है।

वर्तमान में इस संवेदनशील मामले की बारीकी से विवेचना DySP बैकुंठपुर द्वारा की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी भ्रामक प्रचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *