शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब सिंचाई विभाग के कर्मचारी सिद्धगणेश शुक्ला के घर अज्ञात चोरों ने लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चुरा ली।
घटना वार्ड क्रमांक 3/4 राम जानकी मंदिर के पास की है। बीती रात सिद्धगणेश शुक्ला दफ्तर से लौटकर दूध बांटने निकले थे। घर पर उनकी पत्नी भारती शुक्ला अकेली थीं। रात करीब 11 बजे भारती ने पति को फोन किया। घर पहुंचते ही अलमारी टूटी मिली और सामान गायब था।
चोरी गए सामान में दो सोने की चेन, दो हार, तीन अंगूठियां, तीन मंगलसूत्र, ओम लॉकेट, सोने की बेदी, चांदी के पायल, चांदी के बर्तन और करीब तीन लाख रुपए नकद शामिल हैं।
सूचना पर सोहागपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीम बुलाई गई और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ भादव की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
क्षेत्र में लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं ने स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब चोरों की तलाश में छापेमारी कर रही है। देखना यह है कि सोहागपुर पुलिस इस वारदात का कितनी जल्दी खुलासा करती है।